सोते समय टांगी से सिर पर किया वार,
खड़गवां। एमसीबी जिले के खड़गवां थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जरोंधा में ससुर की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी को मायके से नहीं भेजने की रंजिश में आरोपी ने अपने ससुर इतवार सिंह पर उस समय धारदार हथियार से हमला किया, जब वे प्रधानमंत्री आवास के घर में सो रहे थे। हमले में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
रात में परिवार के साथ खाना खाने के बाद सोने चले गए थे इतवार सिंह
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जरोंधा निवासी इतवार सिंह परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने प्रधानमंत्री आवास के घर में सोने चले गए थे। उनकी पत्नी सोन कुंवर घर के सामने परछी में सो रही थीं, जबकि बड़ी बेटी बसंत कुंवर अपने बच्चों के साथ और छोटा बेटा मान सिंह अंदर कमरे में सो रहा था।
इसी दौरान इतवार सिंह पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सुबह बेटी ने फोन कर दी घटना की जानकारी
6 अक्टूबर की सुबह करीब 5:30 बजे मृतक की बड़ी बेटी बसंत कुंवर ने फोन कर घर आने को कहा। जब परिजनों ने घर पहुंचकर इतवार सिंह को देखा, तो वे खाट पर खून से लथपथ पड़े थे। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
पत्नी को मायके से नहीं भेजने पर था विवाद
पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों ने बताया कि घटना से तीन-चार दिन पहले आरोपी प्रदीप सिंह का इतवार सिंह के साथ विवाद हुआ था। पुलिस ने इसी रंजिश को हत्या की वजह बताया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एफएसएल और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल यूनिट और डॉग स्क्वायड की सहायता से घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटनास्थल से जब्त कर गवाहों के बयान के आधार पर संदेही आरोपी प्रदीप सिंह को पूछताछ के लिए थाना बुलाया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 136/26 तथा संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा, एमसीबी पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के दिशा-निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक चिरमिरी रवि कुमार कुजूर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
आरोपी प्रदीप सिंह, पिता स्वर्गीय गुलाब सिंह गौड़, उम्र 38 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 07 पटेलपारा, मेण्ड्रा चौकी कोड़ा, थाना झगराखांड, जिला एमसीबी को गिरफ्तार कर 7 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार जायसवाल सहित पुलिस टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
खड़गवां थाना क्षेत्र में हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है l



