समान नागरिक संहिता को लेकर 8 और 9 अक्टूबर को होगी समूह चर्चा एवं परिचर्चा
एमसीबी। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) के संबंध में जनजागरूकता एवं सुझावों को लेकर जिला प्रशासन मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा समूह चर्चा एवं परिचर्चा आयोजित किए जाने की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में अपर कलेक्टर, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी पत्र के अनुसार समान नागरिक संहिता (UCC) के संबंध में 8 एवं 9 अक्टूबर 2026 को समूह चर्चा एवं परिचर्चा का आयोजन प्रस्तावित है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ शासन की समान नागरिक संहिता समिति के निर्देशों के तहत किया जा रहा है।
पत्र में बताया गया है कि छत्तीसगढ़ शासन समान नागरिक संहिता समिति द्वारा UCC के संबंध में विभिन्न वर्गों से चर्चा एवं सुझाव प्राप्त किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिले में भी नागरिकों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा कर उनके विचार और सुझाव लिए जाएंगे।
प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, गैर सरकारी संगठनों (NGO), महिला एवं अन्य सामाजिक समूहों सहित विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। परिचर्चा के दौरान समान नागरिक संहिता के प्रावधानों एवं इसके संभावित प्रभावों को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा तथा प्रतिभागियों के सुझावों को दर्ज किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक समन्वय एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा सहभागिता से संबंधित जानकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि समान नागरिक संहिता को लेकर देशभर में चर्चा जारी है। ऐसे में जिले में होने वाली समूह चर्चा एवं परिचर्चा में विभिन्न सामाजिक एवं नागरिक संगठनों की भागीदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।



