ठंड से ठिठुर रहे नौनिहाल, स्कूलों का समय बदलने की मांग
मनेन्द्रगढ़। जिले में लगातार बढ़ती ठंड और गिरते तापमान के बीच स्कूली बच्चों की परेशानियों को देखते हुए विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव की मांग तेज होने लगी है। पूर्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष हाफिज मेमन ने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से स्कूलों के समय में आवश्यक संशोधन करने की मांग उठाई है।
हाफिज मेमन ने कहा कि नवंबर माह के साथ ही ठंड का असर बढ़ने लगा है। सुबह के समय सर्द हवाओं और कम तापमान के बीच छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल जाने के लिए घर से निकलना पड़ रहा है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को पैदल और साइकिल से लंबी दूरी तय कर विद्यालय पहुंचना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों का स्वास्थ्य सर्वोपरि होना चाहिए। पढ़ाई के साथ-साथ उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी है। सुबह की कड़ाके की ठंड में बच्चों को स्कूल पहुंचने की परेशानी से बचाने के लिए वर्तमान समय-सारणी में बदलाव किया जाना जरूरी है।
हाफिज मेमन ने जिला प्रशासन और जिला शिक्षा अधिकारी से आग्रह किया कि मौसम की स्थिति को देखते हुए जिले के शासकीय एवं निजी विद्यालयों की सुबह की कक्षाएं कुछ देर से शुरू कराने का निर्णय लिया जाए। इससे बच्चों को ठंड से राहत मिलेगी और अभिभावकों की चिंता भी कम होगी।
उन्होंने कहा कि मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ इस विषय पर निर्णय लेना चाहिए। बच्चों का स्वास्थ्य किसी भी परिस्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। अब अभिभावकों और विद्यार्थियों को प्रशासन के सकारात्मक निर्णय का इंतजार है।




