पोड़ीड़ीह के शासकीय आवास आवंटन पर उठे सवाल, पात्रता से बाहर के कर्मचारियों को भी आवास देने का आरोप
नियमों के पालन पर सवाल, आखिर किस आधार पर हुआ आवंटन? निष्पक्ष जांच की मांग
खड़गवां। पोड़ीड़ीह में नवनिर्मित शासकीय आवास गृहों के आवंटन को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। जारी आवंटन सूची में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को आवास दिए जाने का उल्लेख है, लेकिन आवंटन प्रक्रिया को लेकर कुछ महत्वपूर्ण सवाल सामने आ रहे हैं। आरोप है कि कुछ ऐसे कर्मचारियों को भी आवास आवंटित कर दिए गए हैं, जो संबंधित आवास श्रेणी की निर्धारित पात्रता के दायरे में नहीं आते।
दस्तावेज में एफ, जी और एच श्रेणी के कुल 40 आवासों का विवरण दर्ज है। इनमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को आवास आवंटित किए गए हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या आवास आवंटन से पहले निर्धारित नियमों, पद की पात्रता और विभागीय प्राथमिकता का सही ढंग से पालन किया गया?
यदि कोई कर्मचारी संबंधित आवास श्रेणी की पात्रता में नहीं आता, तो उसे किस आधार पर आवास आवंटित किया गया? क्या इसके लिए कोई विशेष अनुमति ली गई थी या फिर आवंटन के दौरान निर्धारित नियमों को नजरअंदाज किया गया?
शासकीय आवास सरकारी संपत्ति हैं और इनका आवंटन निर्धारित नियमों एवं पात्रता के आधार पर होना चाहिए। ऐसे में आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। यदि पात्र कर्मचारियों को नजरअंदाज कर अपात्र लोगों को आवास दिए गए हैं, तो यह गंभीर जांच का विषय है।
अब संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से यह अपेक्षा है कि आवंटन सूची की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा प्रत्येक आवास के आवंटन का आधार सार्वजनिक किया जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि आवासों की श्रेणी निर्धारित करने के लिए कौन से नियम लागू किए गए थे।
बड़ा सवाल यह है कि जब शासकीय आवासों का आवंटन नियमों के तहत होना चाहिए, तो फिर पात्रता से बाहर बताए जा रहे कर्मचारियों को आवास आवंटित करने की जरूरत क्यों पड़ी?




