*पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए डॉ. महंत, चिरमिरी के विकास और पर्यटन की संभावनाओं पर रखी अपनी बात।
चिरमिरी (एमसीबी)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत अपने प्रवास के दौरान चिरमिरी पहुंचे, जहां पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल के निवास पर आयोजित दिवाली मिलन समारोह में उन्होंने शिरकत की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ आत्मीय मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। समारोह में राजनीतिक मेल-मिलाप के साथ क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. चरणदास महंत ने चिरमिरी और आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्यों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास की गति तेज हो और आम जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिलें, इसके लिए वे लगातार प्रयास करते रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा
कि क्षेत्र के स्वास्थ्य मंत्री को भी चिरमिरी सहित आसपास के इलाकों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए निरंतर समझाइश देते हैं
चिरमिरी की पर्यटन संभावनाओं पर चर्चा करते हुए डॉ. महंत ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल को याद किया। उन्होंने कहा कि उस दौरान पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल ने चिरमिरी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में कई प्रयास किए थे। हालांकि, कुछ कारणों से प्रस्तावित कार्य उस समय पूरे नहीं हो सके। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में भी चिरमिरी के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका प्रयास जारी रहेगा।
कई वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
दिवाली मिलन समारोह में कोरबा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत, सूरज महंत, पूर्व विधायक गुलाब कमरो, पूर्व महापौर कंचन जायसवाल और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहीं । इसके अलावा बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, स्थानीय कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए ।
समारोह के दौरान सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की बधाई दी और संगठन की मजबूती, आपसी समन्वय तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए। चिरमिरी में आयोजित इस मिलन समारोह ने त्योहार की खुशियों के बीच कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक साथ आने का अवसर प्रदान किया ।




